मोबाइल चोरी के शक में पिटाई के बाद लापता हुए किशोर का शव संदिग्ध हालात में दूसरे दिन गांव के बाहर एक पेड़ से लटकता मिला। इससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिवार वालों ने किशोर की हत्या की आशंका जताई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नौधन पटना निवासी जगमोहन का 16 वर्षीय पुत्र गुडडू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। सोमवार को ग्रामीणों को गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में लगे शीशम के पेड़ से तौलिये के सहारे शव लटके होने की सूचना मिली। जिसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को बताया कि रविवार को मोबाइल चोरी के शक में उसके पुत्र की गांव के ही कुछ लोगों ने बुरी तरह पिटाई कर दी थी और जान से मारने की धमकी दी थी। पिटाई के कुछ ही घंटे बाद से गुड्डू लापता हो गया था। गुड्डू की तलाश में परिवारवाले काफी देर तक इधर-उधर पूछताछ करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। शव देखकर परिवारवालों में चीख-पुकार मच गई। वहीं पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर चौकी इंचार्ज महेश गंगवार ने बताया कि मोबाइल चोरी के बाबत पिटाई की बात सामने आई है लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल परिवार वालों के आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएंगी।