ट्रक के केबिन में मिला लहुलुहान शव, क्लीनर फरार
कई दिनों से खड़ा था ट्रक, पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
नेपाल में कोयला उतारकर पलिया आए मिर्जापुर के ट्रक चालक की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी गई । उसका शव शनिवार को ट्रक के केबिन में मिला। लावारिस हाल में ट्रक कई दिनों से पलिया-भीरा मार्ग पर रिलायंस पट्रोल पंप के पास खड़ा था। क्लीनर फरार है। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मिर्जापुर जिले के गांव संकरोणी निवासी चालक 50 वर्षीय विजय चौहान अंबेडकरनगर निवासी आनंद शुक्ला का ट्रक चलाता था। वह कोयला लादकर नेपाल गया था, जहां ट्रक अनलोड करने के बाद पलिया आया था। ट्रक संख्या यूपी 31 टी 8010 कई दिन से पलिया-भीरा मार्ग पर रिलायंस पंप के पास लावारिस खड़ा था। शक होने पर लोगों ने शनिवार को ट्रक के केबिन में झांककर देखा तो अंदर चालक पड़ा हुआ था और उसके गले के पास ही चाकू भी रखा था। गले पर खून के धब्बे देख लोग सन्न रह गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने केबिन खोलकर शव को बाहर निकाला। उसके पास मिले आईडी से उसकी शिनाख्त की गई। मामले में लूट के आसार भी जताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि चालक कोयला खाली कर लौटा था, तो उसके पास किराए का भी रुपया रहा होगा। चौकी इंचार्ज जेके भदौरिया ने बताया कि ट्रक मालिक को सूचना दी गई है, जिसे परिवार वालों को सूचना देने के लिए कहा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक मालिक का कहना है कि क्लीनर, चालक ने रखा था, उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।