चार के खिलाफ तहरीर, पुलिस जुटी जांच में
एक गांव निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार को सुबह चार लोगों ने उसकी नाबालिग पुत्री को बुरी नीयत से अपने घर में खींच लिया और जब वह उसको बचाने आई तो आरोपियों ने उसकी और बेटी की बुरी तरह से पिटाई की। पुलिस को चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। इसमें दो हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महिला का आरोप है कि सुबह उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर से निकली तो चार लोगों ने उसे बुरी नीयत से घर में खींच लिया। पीछे कुछ दूरी पर वह आ रही थी। उसने बेटी की चीख सुनी तो घबरा गई और आनन-फानन में घर में घुसकर बेटी को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि चारों ने दोनों को बुरी तरह से पीट डाला और भाग निकले। मां-बेटी ने आकर मझगईं चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी और चार लोगों के खिलाफ तहरीर भी। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल को भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे और उनका चार वर्ष पूर्व पलिया में पड़ी डकैती में जेल जाना भी बताया गया है। चौकी इंचार्ज रिषीदेव सिंह ने बताया कि कुछ हिस्ट्रीशीटरों के किशोरी को घर में खींचने और मारपीट का मामला सामने आया है, जांच शुरू कर दी गई है।