किराएदार के कमरे से भी उठा ले गए लाखों का सामान
फौजी से मिलने झारखंड गया है परिवार
नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज में फौजी के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर मकान मालिक और उसमें रह रहे एक किराएदार का लाखों रुपये का रखा सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है और मकान मालिक को मामले की जानकारी दी है।
नगर में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं मोहल्ला निवासी मानसी पुरवार के बंद मकान में गुरुवार की रात चोर मेन दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने चार कमरों के ताले तोड़ डाले। एक कमरे का जब लॉक नहीं टूटा तो लकड़ी के दरवाजे में लगे लॉक के हिस्से को काट दिया। कमरे में दो दीवान बेड, दो सेफ तोड़कर पूरा घर खंगाल डाला। मकान के दूसरे हिस्से किराए पर रह रही शिक्षिका कांता देवी के कमरे का भी ताला तोड़ दिया। दोनों ही जगहों से लाखों के सामान की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है। सुबह जब पड़ोस में रह रहे लोगों ने मकान का दरवाजा खुला देखा तो मानसी के पिता वीएन पुरवार को घटना की जानकारी दी। मानसी के पिता और पड़ोसियों ने बताया कि मानसी के पति उज्वल गुप्ता आर्मी में हैं और वह वर्तमान में झारखंड के रामगढ़ स्थान पर तैनात हैं। वह लोग 17 मई को झारखंड गए हैं। वहीं किराएदार शिक्षिका कांता देवी गाजियाबाद की रहने वाली हैं और इब्राहिमपुर ग्रंट के स्कूल में कार्यरत हैं। कांता देवी भी अपने घर गई हैं। चोरी की घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। चोरी में गए सामान की जानकारी दोनों लोगों के आने के बाद ही लग पाएगी। फिलहाल लाखों की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।