बुधवार की रात एक बजे छह से अधिक नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने मोहल्ला बरबंडा के एक घर में घुसकर परिवार वालों को एक कमरे में बंद कर दिया और गृहस्वामी को असलहे के बल पर साथ लेकर सारा सामान लूट ले गए। करीब ढाई लाख की लूट होने की बात गृहस्वामी ने बताई। नाराज मोहल्लावासियों ने पुलिस पर रात्रि गश्त न करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन और नारेबाजी की।
बरबंडा निवासी रामआसरे के अनुसार रात को वह घर के बाहर सो रहा था। एक बजे कुछ नकाबपोश बदमाश आ गए। उनके हाथ में असलहे थे, जिससे वह सहम गया। उनमें से एक ने उनसे पूछा कि रामपाल का घर कौन सा है। इस पर जैसे ही उसने कहा कि उसे नहीं पता। इस पर बदमाशों ने तमंचा तान दिया और उसे भीतर ले गए। वहां एक कमरे में सो रही पत्नी के गले से सोने का हार छीनकर बच्चों को भी अपनी गिरफ्त में लेकर एक कमरे में बंद कर दिया। उन्होंने इसके बाद रामआसरे को अपने कब्जे में रखते हुए उस कमरे को खुलवाया, जिसमें बक्से रखे हुए थे। बदमाशों ने एक बक्से को ढंग से खंगाला और भीतर रखे हुए सोने के तीन फूल, एक माला पैंडिल, नथुनी, कान की झुमकी, दो जोड़ी पायल, दो चेन सहित तमाम गहने और 20 हजार रुपये की नकदी समेत ढाई लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए। घरवालों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें आजाद कराया। मोहल्ले वालों ने पुलिस पर रात्रि गश्त न करने का आरोप लगाते हुए मोहल्ले में ही प्रदर्शन और नारेबाजी की। गुरुवार सुबह पुलिस ने मौका मुआयना किया और मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया।
चोरी की धाराओं में दर्ज की रिपोर्ट
आधा दर्जन से अधिक बदमाशों के तमंचे से लैस होकर लूटपाट करने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इससे भी लोगों में गुस्सा है।
वारदात से फैली दहशत
इस तरह अंजाम दी गई इस वारदात से शहर के लोगों में दहशत फैल गई है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है वहीं नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अनूप मिश्रा ने पुलिस से जल्द ही घटना का खुलासा करने की मांग भी की है।
एसओ केपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।