हैदराबाद थाना क्षेत्र के बंजारगंज गांव में जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके वालों ने मृतका के पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बंजारगंज निवासी ध्रुव कुमार की पत्नी सरला देवी (24) ने सोमवार को कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, हालत बिगड़ने पर उसे गोला सीएचसी के बाद जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। मृतका के पिता हरद्वारीलाल मूड़ाअस्सी निवासी ने दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग दर्शाकर मृतका के पति ध्रुव कुमार, जेठ संजय कुमार, जेठानी और ननद चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की नामजद रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ को दी तहरीर में मृतका के पिता ने कहा कि उसने अपनी बेटी सरला की शादी 24 अप्रैल 2013 को बंजारगंज निवासी हरद्वारीलाल के बेटे ध्रुव कुमार के साथ की थी। ससुराल वाले दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग कर बेटी को यातनाएं देते थे। मांग पूरी न करने पर उन्होंने सरला को खाने में जहर देकर मार डाला। एसओ अजय कुमार यादव का कहना है कि मृतका के पति और जेठ को हिरासत में ले लिया गया है। अगली कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।