पोस्टमार्टम को लेकर दरोगा से हुई गर्मागर्मी
संदिग्ध हालात में एक 26 वर्षीय विवाहिता की हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे जब जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव को मोरचरी में रखवा दिया। मोरचरी पर पहुंचे ससुराल वाले पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़ गए। इसी को लेकर उनकी वहां मौजूद दरोगा से गर्मागर्मी भी हो गई। नायब तहसीलदार ने शव का पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सदर कोतवाली पुलिस के मुताबिक खंभारखेड़ा चीनी मिल के कर्मचारी मुरादाबाद निवासी करन सिंह की पुत्रवधू 26 वर्षीय पल्लवी को परिवार के लोग लेकर जिला अस्पताल आए तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर शव मोरचरी में रखवा दिया था और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस जब पंचायतनामा भरने पहुंचे तो परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दरोगा और मृतक के परिवार वालों के बीच गर्मागर्मी हो गई। उधर सूचना पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। नायब तहसीलदार ने पंचायतनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। उधर मृतका के ससुर करन सिंह का कहना है कि पल्लवी की मौत हार्टअटैक से हुई है।