हैदराबाद थाना क्षेत्र के देउवापुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में आग से जलकर मृत्यु हो गई है। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ को दी तहरीर में कोतवाली गोला क्षेत्र के ग्राम द्वारिका नगर निवासी ताराचंद ने कहा कि उसने अपनी पुत्री नीरज (23) की शादी चार साल पूर्व हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम देउवापुर निवासी रवींद्र कुमार के बेटे मुनीष कुमार के साथ सामर्थ्य के अनुसार दहेज देकर की थी, परंतु ससुराली दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह उनकी पुत्री से बाइक और 50 हजार रुपये की मांग करते आ रहे थे।
मांग पूरी न करने पर बीती 21 नवंबर की रात नीरज के पति मुनीश कुमार, ससुर रवींद्र कुमार, सास, देवर सुरेंद्र कुमार, ननद मनीषा देवी ने उनकी पुत्री के कपड़ों पर मिट्टी तेल उड़ेल कर आग लगा दी, जिससे वह झुलसकर गंभीर घायल हो गई। उसे इलाज के लिए सीएचसी गोला ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।