फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विवाहित बेटी और प्रेमी को मारकर पेड़ से लटकाया

Fri, 19 May 2017 11:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो       सिकंद्राबाद (लखीमपुर खीरी)।
विज्ञापन
हत्‍या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
ऑनर किलिंग : 
विज्ञापन

 पिता पुलिस हिरासत में, वारदात कुबूल की
बेटी की शादी के बाद भी मिलता जुलता था युवक
लड़की के ससुराल वालों द्वारा प्रेमी के साथ पकड़ कर मायके वालों को सौंपी गई नवविवाहिता और उसके प्रेमी को नीमगांव क्षेत्र के गांव कोटवा में लड़की के पिता ने अपने साथियों की मदद से मार डाला। दोनों शवों को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अलग-अलग पेड़ों पर लटकाकर पहले इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया लेकिन हिरासत में लिए जाने के बाद लड़की के पिता ने सच कबूल कर लिया।
लड़का अनुसूचित जाति का और लड़की जायसवाल परिवार की थी, इसलिए उनकी शादी संभव नहीं हो पाई थी। इस हत्याकांड के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस तैनात की गई है। पुलिस ने युवक के पिता की ओर से लड़की के पिता को नामजद कर अन्य साथियों के खिलाफ हत्या और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पिता पुलिस हिरासत में है।
विज्ञापन

गांव कोटवा के दलित हरीराम का 22 वर्षीय पुत्र संजय बीए का छात्र था। संजय अपनी ननिहाल पीतपुर में रहकर खम्हौल स्थित डिग्री कॉलेज में पढ़ाई करता था। उसकी कोटवा गांव के ही शिव प्रसाद जायसवाल की 23 वर्षीय पुत्री जूली से काफी समय से दोस्ती थी। इसकी जानकारी होने पर शिवप्रसाद ने सात महीने पहले जूली की शादी कर दी थी, लेकिन इसके बाद भी दोनों अक्सर एक दूसरे से मिलते-जुलते रहे। गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे संजय ने अपनी मामी से बताया कि उसकी मां का फोन आया है। वह घर जा रहा है। इसके बाद वह साइकिल से अपने घर करीब शाम चार बजे पहुंचा। संजय ने घर आकर साइकिल खड़ी कर दी और मोबाइल फोन पर बात करते हुए चला गया, लेकिन फिर वह वापस नहीं आया। काफी रात होने के बाद उन्होंने सोचा कि किसी रिश्तेदारी में चला गया होगा, इसलिए उसकी तलाश नहीं की।
गांव रोशननगर के ग्रामीणों ने सुबह गांव से करीब एक किमी दूर सचिवालय के पीछे तीन मीटर के दायरे में लगे अलग-अलग पेड़ों पर दो शवों को लटकते देखा। यह जगह कोटवा और रोशननगर के बीच है। दोनों के पैर जमीन से लगे हुए थे, विवाहिता के मुंह से खून निकल रहा था। खबर पाकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इस बीच संजय के परिवार के लोग भी पहुंचे तो देखा कि संजय का शव शहतूत और जूली का शव सिरसा के पेड़ से लटक रहा था। एसपी डॉ. एस चन्नपा, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ मितौली निष्ठा उपाध्याय समेत तीन थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराया।
 प्रभारी एसओ दिनेश कुमार यादव ने बताया कि संजय के पिता की ओर से मृतका के पिता शिव प्रसाद जायसवाल व अन्य साथियों के खिलाफ हत्या और एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।      
विज्ञापन

 
दोनों शव अलग-अलग पेड़ से लटके हुए मिले थे, जिनका पोस्टमार्टम कराया गया है। हालांकि मृतका के आरोपी पिता ने दोनों की हत्या की बात कबूल कर ली है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. एस चन्नपा, एसपी खीरी       
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें