प्राथमिक स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बाद बाइक से अपने घर जा रहे गांव बिनौरा निवासी एक शिक्षक से नकाबपोश बदमाशों ने 3500 रुपये लूट लिए। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताया है। दिनदहाड़े हुई लूट से क्षेत्र में दहशत है।
गांव बिनौरा निवासी मुश्ताक अली गुलरीपुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। शनिवार को स्कूल में बच्चों की छुट्टी के बाद वह किसी काम से गांव में रुक गए। शनिवार शाम तीन बजे त्रिकोलिया होकर अपने गांव बिनौरा बाइक से जा रहा था। इसी बीच त्रिकोलिया और मोहबतियाबेहड़ मोड़ पर एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश आए और मुश्ताक को रुकने का इशारा किया। मुश्ताक के बाइक रोकते ही दो बदमाश वहां आए और तमंचा लगाते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। एक बदमाश ने उनकी पीछे वाली जेब में रखे 3500 रुपये लूट लिए और त्रिकौलिया की ओर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। मुश्ताक ने बताया कि बदमाश पुरानी मॉडल की बाइक पर सवार थे। एसओ परशुराम ओझा ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।