ट्रक और कंबाइन से अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसे
बुधवार को हैदराबाद थाना क्षेत्र में ट्रक और कंबाइन से अलग अलग स्थानों पर हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गोला सीएचसी भेजकर ट्रक और कंबाइन को कब्जे में लेकर दोनों चालकों को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार सवेरे गोला खुटार रोड पर छत्तीपुर नं 18 गांव के पास पहली दुर्घटना में चचेरे भाई बाबूराम संग गोला को काम करने जा रहे मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम बघुली निवासी शत्रोहन (20) के रिक्शे को खुटार से गोला तेजगति में आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक युवक दूर जा गिरा जबकि शत्रोहन ट्रक के पहिये के नीचे आकर घायल हो गया। मौके पर पहुंची यूपी 100 नंबर पुलिस ने चालक राजकुमार पुत्र बंशीलाल निवासी अग्रवाल मंडी टटेरी बागपत को ट्रक समेत हिरासत में लेकर घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला भेजा। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पतार रेफर कर दिया। जहां शत्रोहन की हालत गंभीर बताई गई है।
दूसरी दुर्घटना बुधवार दोपहर ममरी रोशननगर रोड पर बड़ी नहर पुल के पास हुई। जहां कंबाइन लेकर जा रहे चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार चार में तीन लोग हेमंत कुमार, छोटेलाल उर्फ छोटन्ने, मीरा देवी निवासी ग्राम ककरहा थाना मैगलगंज गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने घायलों को सीएचसी गोला भेजकर चालक को हिरासत में लेकर कंबाइन को कब्जे में ले लिया है। उधर पुलिस को देख बाइक चालक घायलों को मौके पर छोड़ भाग निकला।