मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव बंजरिया झाला निवासी किसान जोगेंदर सिंह के बेटे 17 वर्षीय गुरुविंदर सिंह के मामले में पुलिस ने मंगलवार शाम धारा 364 के तहत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस गुरुविंदर की मौजूदा लोकेशन नैनीताल बता रही है। ऐसा वह अपहर्ताओं के मोबाइल सर्विलांस की रिपोर्ट के आधार पर कह रही है। पुलिस का कहना है कि तीन टीमें उसकी तलाश में लगाईं गईं हैं। जोगेंदर के कुछ रिश्तेदारों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस इसमें पारिवारिक रंजिश की भी आशंका जता रही है। वहीं उस मोहम्मदी क्षेत्र से उस सिम विक्रेता को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे अपहर्ताओं ने स्कूल के प्रिंसिपल से बात की थी।
एक अन्य घटनाक्रम में यह बात भी सामने आई है कि सोमवार की रात को छात्र गुरुविंदर ने अपहरणकर्ताओं के मोबाइल से अपने पिता से बात की थी, जिसमें उसने बरेली घूमकर मंगलवार को लौटने की बात बताई थी। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल कॉल को ट्रेस किया तो बरेली के पास की लोकेशन मिली है। सोमवार की दोपहर अपहरणकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से स्कूल से छुट्टी कराकर रास्ते से छात्र गुरुविंदर सिंह का अपहरण कर लिया था, जिसके बाद बोलेरो से फरार हो गए थे। छात्र मूड़ा गालिब स्थित सेंट सोल्जर पब्लिक स्कूल का छात्र है। एसपी अरविंद सेन और सीओ मोहम्मदी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया था। घटनास्थल से अपहरणकर्ताओं का एक मोबाइल और छात्र की साइकिल मिली थी। सोमवार की रात को अपहरणकर्ताओं ने गुरुविंदर की उसके पिता से बात कराई थी। पिता के मुताबिक गुरुविंदर से थोड़ी देर बात हुई, जिसमें उसने बरेली घूमकर मंगलवार को लौटने की बात कही थी, जिसके बाद फोन कट गया। एसपी अरविंद सेन ने बताया है कि पुलिस टीम पूरी तत्परता से छात्र की बरामदगी के लिए प्रयासरत हैै।