विरोध करने पर कीटनाशक दवा पिलाई
कोतवाली क्षेत्र के गांव अमृता पथेली में एक किशोरी को गांव के तीन लोगों ने तमंचे के बल पर अगवा कर लिया। किशोरी के विरोध करने पर उसे कीटनाशक दवा पिला दी जिससे वह बेहोश हो गई, पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव अमृता पथेली के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाते हुए कहा है कि 23 मई की रात करीब तीन बजे उसकी 17 वर्षीया पुत्री लघुशंका करने घर से बाहर आई, जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो घर वाले उसे खोजने निकले तो देखा गांव का एक युवक उसे नलकूप की ओर ले जा रहा है, घर वालों ने उसका पीछा किया तो वहां उसकी पुत्री को गांव के ही दो युवक जबरदस्ती पकड़कर उसे कीटनाशक दवा (मचेटी) पिला रहे थे। युवक उसे देखकर भाग गए तो वह अपनी पुत्री को लेकर सीएचसी मोहम्मदी आया, जहां हालत खराब होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, वहां 25 मई को रात 9 बजे उसे होश आया तो उसने आपबीती पिता को बताई उसके अनुसार जब वह 23 मई की रात लघुशंका करने के लिए घर से बाहर आई तो गांव के तीन युवकों ने उसका मुंह दबाकर तमंचा लगाते धमकाया कि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। यह लोग उसे सरकारी कुएं के पास ले आए और उससे जबरदस्ती करने लगे। उसके विरोध करने पर एक युवक मचेटी लेने गांव चला आया। वापस लौटते समय उसने बताया कि किशोरी के घर वाले उसे ढूंढते इधर आ रहे हैं तो तीनों युवकों ने उसे जबरन मचेटी पिला दी जिससे वह बेहोश हो गई, किशोरी का कहना है कि फिर उसे नहीं मालूम कि उसके साथ क्या हुआ। किशोरी के पिता का कहना है कि 26 मई को करीब एक बजे अस्पताल से छुट्टी हुई तो वह अपनी पुत्री को घर लेकर आया और रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने टीम बनाकर गांव में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी है। इंस्पेक्टर का यह भी कहना है किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा और यदि दुराचार की पुष्टि हुई तो सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया जाएगा।