फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांवड़ियों से भरी ट्रॉली पलटी, तीन की मौत

Wed, 12 Aug 2015 10:45 PM IST
मितौली
विज्ञापन
विज्ञापन
गोला गोकर्णनाथ स्थित शिव मंदिर से लौटते समय कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे मितौली कस्बे के पास तेंदुआ मोड़ पर पलट गई, जिससे तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 19 घायल हो गए। सभी कांवड़िए महोली (सीतापुर) थाना क्षेत्र के गांव रजवापुर से आए थे। हादसे में मौत का शिकार हुए तीनों कांवड़िए ट्रॉली के नीचे दब गए, जिन्हें निकालने के लिए जेसीबी आने में देरी होने पर साथियों ने जमकर हंगामा किया। डीएम के मुताबिक मुख्यमंत्री ने मृत कांवड़ियों के आश्रितों को दो-दो लाख और घायलों को 25-25 हजार रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
विज्ञापन

रजवापुर गांव के 45 कांवड़ियों का जत्था ट्रैक्टर ट्रॉली से गाते-बजाते गोला गोकर्णनाथ स्थित शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाने के लिए छह अगस्त को गांव से निकला था। हरदोई जिले के राजघाट से कांवड़ भरने के बाद इन कांवड़ियों ने मंगलवार की शाम कांवड़ चढ़ाई और बुधवार को वापस गांव के लिए सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से निकले। तेंदुआ गांव के पहले ईंट भट्टे के पीछे मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर 40 वर्षीय अतुल मिश्र, 50 वर्षीय छंगालाल और 26 वर्षीय आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए।
इस बीच साथियों को दबे देख लोगों ने जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम राम प्रकाश और सीओ मिथलेश दीक्षित ने जेसीबी मंगवाकर ट्रॉली सीधी कराई, तब लोग शांत हुए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां से नौ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्प्ताल रेफर कर दिया गया। डीएम किंजल सिंह, एसपी अरविंद सेन और कस्ता विधायक सुनील कुमार लाला घायलों के पहुंचने से पहले ही इलाज की व्यवस्थाएं कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंच गए थे।
विज्ञापन

नाबालिग चला रहा था ट्रैक्टर
मितौली। गोला गोकर्णनाथ के ऐतिहासिक शिव मंदिर में कांवड़ चढ़ाने के बाद सीतापुर जिले की कोतवाली महोली के गांव रजवापुर लौटते समय कांवड़ियों से भरी ट्रॉली पलटने से हुईं तीन मौतों के मामले में सुरक्षा व्यवस्था की बुधवार को पोल खुल गई। मालूम हो कि डीएम किंजल सिंह और एसपी अरविंद सेन ने कांवड़ियों पर विशेष नजर रखने और ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट रहने के लिए कहा था, लेकिन कांवड़ियों की ट्रॉली को चालक के बजाय नाबालिग लड़का चला रहा था। बावजूद इसके रास्ते में ट्रैफिक पुलिस की उस पर नजर नहीं पड़ी।
पुलिस के अनुसार कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली थाना मैगलगंज क्षेत्र के ग्राम अहिरी निवासी एक व्यक्ति की है, जिसे उनका नाबालिग पुत्र चला रहा था। ट्रैक्टर की गति तीव्र होने के कारण सामने मोड़ पर वह नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हो गया। तीव्र मोड़ पर सूचक नहीं लगा होना भी घटना के पीछे एक कारण माना जा रहा है। पुलिस बताती है कि वह गोला से ही ट्रैक्टर चलाकर ला रहा था। ऐसे में रास्ते में लगी ट्रैफिक पुलिस समेत किसी भी जिम्मेदार की नजर उस पर नहीं पड़ी। यदि जिम्मेदारों ने उसे रोका होता तो शायद यह घटना बच जाती।
डीएम किंजल सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक का पुत्र ड्राइविंग कर रहा था। प्रथम दृष्टया घटना की वजह अंट्रेंड चालक का होना माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच कराई जाएगी। फिलहाल सभी को समुचित इलाज मिल रहा है। सभी घायलों की हालत सामान्य है।
पानी के लिए सीएचसी में भटकते रहे कांवड़िए
घायल कांवड़ियों को जब सीएचसी में भर्ती कराया गया तो वहां एक बार फिर पानी की समस्या नजर आई। आरओ खराब होने और हैंडपंप की कमी के कारण कांवड़िए और उनके परिवार वाले पानी के लिए भटकते नजर आए।
घटना होते ही सक्रिय हुआ प्रशासन और पुलिस
मितौली। घटना की सूचना मिलते ही मितौली सर्किल का तमाम फोर्स मौके पर पहुंच गया। उधर एसपी अरविन्द सेन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। इस मौके पर सीओ मितौली मिथिलेश दीक्षित, बीडीओ राकेश प्रसाद, तहसीलदार रमेश बाबू, एसआई विशंभर दयाल समेत राजस्व अमला भी मौजूद रहा।
10 वर्ष से गोला के शिव मंदिर जा रहा था कांवड़ियों का जत्था
मितौली। दुर्घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं ने बताया कि वे लोग लगभग 10 वर्ष से हर श्रावण मास में बिलग्राम राजघाट से कांवड़ भरकर पैदल चलकर गोला गोकर्णनाथ में भगवान शिव का जलाभिषेक करके वापस आते थे। कांवड़र्थी मैकूलाल, दिनेश और राजेश ने बताया कि इस वर्ष पता नहीं हमारी पूजा अर्चना में क्या कमी रह गई जो हम लोगों के साथ यह हादसा हुआ। दुर्घटना में मृतकों के परिवार वालों ने बताया कि हम लोगों ने कांवड़ यात्रा में जाते समय पूजा अर्चना करके बड़े ही हर्ष के साथ इन लोगों को भेजा था।
विज्ञापन

मृतकों के नाम
1. अतुल कुमार (35) पुत्र हरिनंदन मिश्रा
2. छंगालाल (50) पुत्र रामदत्त
3. आशीष मिश्रा (25) पुत्र ओमप्रकाश
जख्मी
1. आशीष वाजपेयी (42) पुत्र हरद्वारी लाल
2. रामनिवास (45) पुत्र बहादुर
3. रामलखन (50) पुत्र बाबूलाल।
4. मंगली प्रसाद (38) पुत्र कृष्ण मुरारी।
5. ललित वाजपेयी (10) पुत्र रामोद वाजपेयी।
6. गुलशन कुमार (30) पुत्र त्रिभुवन
7. फूलचंद (45) पुत्र अहिबरन
8. अखिलेश (30) पुत्र बहोरेलाल
9. भूपेंद्र (20) पुत्र ह्दयनरायन
10. नवल मिश्रा (25) पुत्र नामालूम
11. हीरालाल (36) पुत्र नामालूम
12. मयंक शुक्ला (28) पुत्र नामालूम
13. रामलखन (42) पुत्र नामालूम
14. राहुल (22) पुत्र नामालूम
15. सोनू (24) पुत्र नामालूम
16. शैलेंद्र (28) पुत्र नामालूम
17. अंकित (32) पुत्र नामालूम
18. बब्बल वाजपेयी (24) पुत्र नामालूम
19. प्रदीप कुमार (30) पुत्र नामालूम



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें