क्षेत्र के गांव गुलरिया परवस्तनगर में प्राइवेट कर्मचारी के कहने पर ट्रांसफार्मर से सटकर पेड़ के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन का जंफर काट रहे एक युवक की करंट से मौत हो गई। इस खबर से गांव में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर तमाम ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर बिजली विभाग (किसी अधिकारी का नाम नहीं), प्राइवेट कर्मचारी और एक लकड़ी ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रविवार सुबह करीब नौ बजे बिजली विभाग में प्राइवेट कर्मचारी रामखिलावन निवासी परवस्तनगर इसी गांव के श्रीकृष्ण (25) को अपने साथ यह कह कर बुला ले गया कि ट्रांसफार्मर के पास खड़े गूलर का पेड़ काटा जाना है। इसलिए वहां से गुजर रहे बिजली के तार काट दो, नहीं तो पेड़ कटने से तार टूट जाएंगे। इस पर श्रीकृष्ण तार काटने के लिए खंभे पर चढ़ गया। बताते हैं वह ट्रांसफार्मर से जुड़े तीन जंफरों में दो को काट चुका था और तीसरा जंफर काटने जा रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली आ गई। जिससे उसे करंट लगा और वहीं पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एसएसआई राम सिंह पवार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के मुताबिक मृतक के भाई अनुज की तहरीर पर बिजली विभाग, प्राइवेट बिजली कर्मी रामखिलावन और बौआं के ठेकेदार मुंशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जेई मोहम्मदी मनीष गौड़ ने बताया कि जंफर काटने के लिए उपकेंद्र पर न ही
सूचना दी गई थी और न ही सट डाउन लिया गया था। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय
लाइन में करंट दौड़ रहा था। पूरे मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की
जाएगी।
नहीं पहुंचे एसडीओ, फोन से ली जानकारी
करंट से युवक की मौत की सूचना ग्रामीणों ने इलाकाई एसडीओ सेवक राम राना को भी दी लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे। फोन से ही घटना की जानकारी लेकर मृतक के पविारीजनों को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। बता दें कि मृतक श्रीकृष्ण तीन भाई है। उसकी पत्नी सुषमा गांव के ही स्कूल में रसोइया है। उसके 10 माह की एक पुत्री वैष्णवी है।
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
-गांव सुभाष नगर निवासी फार्मर ओमकार शर्मा और उनके भतीजे मिलाप शर्मा की गत 15 अप्रैल 2013 को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
-छेड़ीपुर में मेवाराम को बिजली लाइन सही करते वक्त करंट लग गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
-मोहम्मदी थाने के गांव हरिहरपुर में करंट लगने से रुखसाना और मुनीष और गांव भंगेली में चाचा दीनबंधु भतीजे अजय की करंट लगने से मौत हो चुकी है।
-नौ जुलाई 2014 को गांव गरदहा में पिता दिलशाद खां पुत्री शुएबा की हाईटेंशन लाइन टूटने से उसकी चपेट में आने से मौत हो गई थी। उस समय ये लोग अपने खेत में धान की रोपाई कर रहे थे।