क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद एक किशोर की हालत बिगड़ गई। सीएचसी गोला ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार वालों ने झोलाछाप डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मकसूदाबाद निवासी जीवनलाल के 14 वर्षीय पुत्र विकास को मंगलवार की शाम उलटी दस्त शुरू हो गए। परिवार के लोगों ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर रामप्रकाश को इलाज के लिए घर बुलाया। परिवार वालों ने बताया कि रामप्रकाश उसे इंजेक्शन और ग्लूकोज देकर घर वापस चला गया लेकिन विकास की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार रात उसकी हालत और बिगड़ गई। जब परिवार के लोग रामप्रकाश को बुलाने उसके घर गए तो उसने आगे का इलाज करने से मना कर दिया। गंभीर हालत में परिवार के लोगों ने विकास को गोला ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई भगवानदास ने झोलाछाप रामप्रकाश पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाते हुए मितौली थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।