कई राहगीरों को बांधने के बाद लूटपाट, भट्ठीपुरावा गांव के चार घरों से भी चोरी
पुलिस चौकी खमरिया के परसिया रोड पर बदमाशों ने बैरियर लगाकर आवागमन ठप कर दिया और कई घंटों तक कई राहगीरों को बांधने के बाद पिटाई लगाई और उनके पास से सामान लूट लिया। बदमाशों के जाने के बाद ग्रामीण किसी तरह से बंधन मुक्त हुए। उधर भट्ठी पुरवा गांव के चार घरों से चोर लाखों का सामान बटोर ले गए। घटनाओं से दहशत है।
रविवार की रात 9.30 बजे एक कई बदमाशों ने परसिया रोड पर संतोषी माता मंदिर के पास बैरियर लगाकर आवागमन ठप कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने कई राहगीरों को बांधनेके बाद उनके साथ मारपीट की और नकदी समेत हजारों रुपये का सामान लूट लिया। गांव मंदूरा निवासी उत्तम ने बताया कि वह बैजनाथ खमरिया से घरेलू सामान लेकर घर वापस जा रहा था। परसिया रोड पर संतोषी माता मंदिर से आगे बदमाशो ने उसे रोक लिया और पिटाई कर मोबाइल, 330 रुपये और सामान छीन लिया। इसके बाद दुलही निवासी उत्तम से 750 रुपये, मोबाइल और सामान, खमरिया इलाज कराने पत्नी को लेकर जा रहे सैदापुर निवासी नफीस से 1500 रुपये, मोबाइल तथा पत्नी के नाक का फूल, कुंडल, लालपुर निवासी रमेश और उनके साथी से 700 रुपये, मोबाइल, घड़ी लूट ली। पीड़ितों ने बताया कि बदमाश जिसे रोकते उसेे पीटने के के बाद बांधकर उसे केले के खेत में डाल देते थे। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह से बंधन मुक्त हुए राहगीरों ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। जिस पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आसपास के खेतों की घेरा बंदी कर बदमाशों की तलाश की लेकिन किसी का कोई अता-पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों के मुताबिक जब वह लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश शुरू की। इससे पहले चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह के मोबाइल पर कॉल कर घटना की सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई।
---
एक ही रात में चार घरों से लाखों का उड़ाया माल
खमरिया (खीरी)। गांव भठ्ठी पुरवा निवासी विजय कृष्ण दीक्षित के घर का चोरों ने चैनल तोड़ दिया और घर में घुस गए। चोर कमरे में रखा बक्सा उठा ले गए। विजय कृष्ण दीक्षित ने बताया कि बक्से में सोने की चार अंगूठी, तीन मंगलसूत्र, दो जोड़ी झाला, पांच चांदी के सिक्के व 60 हजार की नकदी थी। पडोस के रामकिशोर दीक्षित के चैनल का ताला तोड़कर चोर बर्तन, मंगलसूत्र, पायल और अनिल शुक्ला, यज्ञ प्रताप के यहां से हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। विजय कृष्ण ने खमरिया पुलिस को घटना की तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर पुलिस मौके पर भी नहीं पहुंची।
--
पुलिस हजम कर गई घटनाएं
लूटपाट और एक ही गांव के चार घरों में हुई चोरी की घटना चौकी पुलिस हजम कर गई। पुलिस ने एसपी, एएसपी को बताना तो दूर एसओ ईसानगर को भी घटना की जानकारी नहीं दी। एसओ शिवानंद ने देर शाम अमर उजाला को बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। वह जानकारी करने के बाद ही कुछ बता सकते हैं।
उधर, चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें घटनाओं जानकारी है, लेकिन अदालत से लौट कर आया हूं। इसलिए अभी मौके पर नही जा सका।