सीतापुर और नीमगांव से लूटी गईं बाइक बरामद
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली कामयाबी
थाना नीमगांव पुलिस ने अंतरजनपदीय दो लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गईं दो बाइकें बरामद की हैं, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से एक तमंचा व एक जीवित कारतूस बरामद होने का भी दावा किया है। गुरुवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।
एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि बुधवार को पुलिस करनपुर के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर आए चार लोग आए। पुलिस ने बाइक को रोककर जब कागज मांगे तो तो दोनों युवक कागज नहीं दिखा सके। इसी बीच उनके दो साथी मौके से खिसक लिए। पुलिस ने जब तलाशी ली तो एक देसी तमंचा और एक जीवित कारतूस बरामद हुआ। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो वे टूट गए। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एक बाइक सीतापुर जिले के थाना इमलिया सुल्तानपुर और दूसरी बाइक बेहजम-लखीमपुर मार्ग से थाना नीमगांव क्षेत्र में लूटे जाने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम इमलिया सुल्तानपुर के शेखनपुरवा निवासी लवकुश और थाना मितौली के गांव खुदनियां निवासी रामखेलावन बताया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
लुटेरों का खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
लूटी गईं दो बाइक के साथ दबोचे गए लुटेरों का आपराधिक इतिहास पुलिस खंगाल रही है। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि मितौली थाने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ कोई मामले दर्ज नहीं हैं। पुलिस अब सीतापुर और अन्य जिलों के अन्य थानों से दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।