थाना नीमगांव पुलिस ने मंगलवार को पहले चरण के मतदान से पूर्व अभियान चलाकर पूर्व ग्राम प्रधान की पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ आचार संहिता का मुकदमा दर्ज किया है। छह अन्य लोगों को गिरफ्तार कर 84 वाहनों का चालान किया है।
एसओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि चौकी इंचार्ज रामविलास यादव ने भ्रमण के दौरान सिकंद्राबाद में प्रत्याशियों के घरों पर सैकड़ों समर्थकों की भीड़ एवं पार्टी देकर मतदाताओं को प्रलोभन देते पाया। इस पर चौकी इंचार्ज ने सिकंद्राबाद के पूर्व प्रधान राजेंद्र त्रिवेदी की पत्नी एवं प्रत्याशी अनीता त्रिवेदी, विपिन त्रिवेदी की पत्नी एवं प्रत्याशी सरिता देवी, अशोक गुप्ता की पत्नी एवं प्रत्याशी नीतू गुप्ता और चौधकपुर निवासी राजेश कुमार के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरी तरफ लौका निवासी मुन्ना लाल, नत्थूलाल, रामबहादुर राठौर, मनोज कुमार, सोनू तथा हरैया निवासी मनोज कुमार सक्सेना को गिरफ्तार कर मारपीट के मामले में चालान भेजा है। एसओ ने बताया कि वाहनों का सघन चेकिंग अभियान चलाकर 84 वाहनों का चालान और दो हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।