फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साल के अंतिम दिनों में लूट-चोरी की वारदात से थर्राया जिला

Fri, 30 Dec 2016 11:09 PM IST
लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
लूट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले में लगातार पांचवें दिन डकैती और चोरी की वारदात से इलाके सहम उठे। गुरुवार की रात थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव गड़रिया चौराहा निवासी किराना व्यवसाई के घर में डाका पड़ा तो थाना फरधान इलाके में कपड़ा दुकान से चोरी हो गई। इससे पहले पलिया, मैगलगंज और शहर के सुंदरपुरम में लूट और चोरी की वारदात हो चुकी हैं। ताबड़तोड़ हो रही वारदात से लोग दहशत में हैं। उधर जिले के मुखिया एसपी मनोज कुमार झा का दावा है कि गश्त व्यवस्था चुस्त है। साथ ही पुलिस घटनाओं के खुलासे में लगी है, लेकिन पिछले पांच दिनों से हो रहीं लूट और चोरी की किसी भी घटना के खुलास में पुलिस को कोई खास कामयाबी नहीं मिल सकी है।
विज्ञापन


किराना कारोबारी के घर पर डाका, लाखों लूटे
नीमगांव थाने के गड़रिया चौराहे की घटना
चैनल का ताला काटकर घर में घुसे बदमाश
सिकंद्राबाद (खीरी)। नीमगांव क्षेत्र के गड़रिया चौराहे पर रहने वाले किराना कारोबारी शिवाकांत गुप्ता के घर पर बदमाशों ने धावा बोलकर पहले कारोबारी समेत पूरे परिवार को डंडों और लोहे की रॉड से पीटकर बेदम कर दिया, फिर डेढ़ लाख की नकदी समेत लाखों के जेवर लूटकर भाग निकले। एसओ नीमगांव आलोक मणि त्रिपाठी का कहना है कि व्यापारी के घर घटना हुई है। पीड़ित शिवाकांत गुप्ता की तहरीर पर छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। खुलासे के लिए पुलिस टीम जुटी हुईं है। 
गड़रिया चौराहा पर रहने वाले किराना कारोबारी शिवाकांत गुप्ता मूल रूप से मदारपुर गांव के निवासी हैं। मकान के बाहर ही किराने की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार की रात करीब पौने 12 बजे चैनल का ताला काटकर चार बदमाश अंदर घुस गए, जबकि दो बदमाश बाहर गेट पर खड़े रहे। अंदर घुसे बदमाशों ने गृहस्वामी शिवाकांत समेत परिवार वालों को असलहे के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने नकदी और जेवर की जानकारी करने के लिए गृहस्वामी शिवाकांत, उनकी पत्नी और उसके पुत्र राजेश की पिटाई कर दी। इसके बाद बदमाश घर से डेढ़ लाख की नकदी, ढाई लाख कीमत के जेवरात लूटकर फरार हो गए। सूचना पाकर रात में ही एसओ आलोक मणि त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। साथ ही पीड़ितों का मेडिकल कराया। शुक्रवार की सुबह एसपी मनोज कुमार झा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। उन्होंने एसओ को घटना के शीघ्र खुलासे के निदेश दिए हैं। 
विज्ञापन


बदमाशों की पिटाई को याद कर सिहर उठते हैं शिवाकांत
गृहस्वामी शिवाकांत गुप्ता की पीठ और हाथों पर बदमाशों की पिटाई से चोट के निशान हैं। उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद वह घर आ गए हैं। उनका कहना है कि बदमाशों की पिटाई याद कर उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

फील्ड यूनिट नहीं जुटा सकी फिंगर प्रिंट
डकैती की घटना के साक्ष्य एवं फिंगर प्रिंट संकलित करने के लिए मौके पर पहुंची। टीम प्रभारी विमल श्रीवास्तव ने बताया कि फिंगर प्रिंट नहीं जुटाए जा सके, क्योंकि लाकर आदि को कई लोगों ने पहले ही छूकर देखा था। लिहाजा मौके पर फोटोग्राफी की गई है। 

आधा दर्जन संदिग्धों को उठाया
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए करीब आधा दर्जन संदिग्ध अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस इस बावत कुछ भी बोलने से इंकार कर रही है। 

नकब लगाकर लाखों के कपड़े पार किए
फरधान। गुरुवार को कोहरे से भरी रात में चोरों ने रुकुंदीपुर कस्बे में स्थित एक कपड़ा व्यवसायी की दुकान में नकब लगाकर डेढ़ लाख के कपड़े पार कर दिया। रुकुंदीपुर गांव निवासी अफरोज आलम की कस्बे में महक क्लाथ हाउस के नाम से कपड़े की दुकान है। अफरोज ने बताया गुरुवार की शाम सात बजे वह दुकान बंद कर घर आए थे। रात में किसी समय घने कोहरे का फायदा उठाकर दुकाने के पीछे से सेंध लगाकर अंदर दाखिल हो गए। वहां से कपड़े पार कर दिए। शुक्रवार की सुबह अफरोज ने जब दुकान खोली तो बिखरे पड़े सामान को देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने मौका-मुआयना किया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें