पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा करने वालों को भी चेतावनी
राजस्व अभिलेखों में दर्ज होलिका दहन स्थल की जमीन के पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने दरवाजा रख दिया। इसको लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने उचौलिया चौकी प्रभारी से शिकायत की। चौकी प्रभारी समीर जावेद ने मौके पर जाकर काम रुकवाकर एसडीएम को मामले से अवगत कराया। एसडीएम और सीओ मोहम्मदी ने अस्थायी निर्माण और नींव को वहां से हटवा दिया लेकिन विवाद की वजह बने दरवाजे को लगाने की अनुमति दे दी। पैमाइश में पता चला कि व्यक्ति अपनी जमीन पर ही दरवाजा लगा रहा था।
उचौलिया में राजस्व अभिलेखों में दर्ज होलिका दहन स्थल के आसपास रह रहे दूसरे समुदाय के लोगों ने अतिक्रमण कर काफी जमीन पर अवैध रूप से पक्के निर्माण कर रखे हैं। कुछ दिन पहले ही वहां पर एक व्यक्ति ने नींव भर कर कब्जा करना चाहा। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने पुलिस से की थी। जिस पर पुलिस ने निर्माण रुकवा दिया था। इसके बाद होलिका दहन की जमीन के पास रहने वाले दूसरे व्यक्ति ने उस ओर दरवाजा लगाकर निकास बनाने की कोशिश की, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने पुलिस से की। इसके बाद चौकी प्रभारी ने निर्माण कार्य रुकवाकर मामले की सूचना एसडीएम मोहम्मदी को दी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम नागेंद्र कुमार और सीओ मोहम्मदी रामशंकर सिंह ने राजस्व निरीक्षक देवशरण पाल और लेखपाल रामबाबू यादव से होली स्थल के रकबे की पैमाइश कराई। होलिका दहन स्थल करीब दो बीघे में है। पैमाइश में होलिका की जमीन पर आसपास के दूसरे समुदाय के लोगों का करीब 80 वर्ग फीट पक्का और 250 वर्ग फीट अस्थायी अतिक्रमण पाया गया। एसडीएम ने अस्थायी अतिक्रमण को तुरंत हटवाया और मौके पर मौजूद प्रधान के पति अयूब को होलिका दहन स्थल के पास बने पक्के मकानों के किनारे एक मीटर का खड़ंजा जल्द बनवाने के निर्देश दिए। एसडीएम मोहम्मदी और सीओ मोहम्मदी ने पक्का निर्माण कर चुके लोगों को आगे अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। वहां पड़ी झोपड़ी को हटवाकर, दीवार बनवाने के लिए भरी गई नींव को खुदवा दिया। साथ ही चौकी प्रभारी समीर जावेद को अवैध कब्जा करने वाले लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देेश दिए। इस दौरान प्रदीप वाजपेयी, रामनरेश, वीरेंद्र पाल, शंकर, राजेश तिवारी, कमलेश, शिवकुमार आदि सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।