रात भर सीएचसी के बाहर पड़ा रहा शव, नहीं पहुंची पुलिस
दंपति, उसकी पुत्री समेत चार पर केस दर्ज
छेड़छाड़ का आरोप लगाने पर हुआ विवाद
थाना निघासन के गांव में छेड़छाड़ का आरोप लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इससे एक पक्ष ने गांव निवासी 50 वर्षीय कल्लू की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान छोटी कुल्हाड़ी से कई प्रहार कर उसे घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत होने की सूचना के बाद भी रात भर पुलिस अस्पताल नहीं पहुंची और न ही शव का पंचायतनामा भरा। इससे शव पूरी रात अस्पताल परिसर के बाहर पड़ा रहा। पुलिस ने दंपति, उसकी बेटी समेत चार लोगों के खिलाफ गैरइरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार निघासन कोतवाली के गांव सुरजीपुरवा निवासी राजेंद्र के यहां शनिवार को उसकी रिश्तेदार एक महिला आई थी। उसके साथ गांव के ही किसी व्यक्ति ने छेड़छाड़ किया था। महिला गूंगी होने के कारण उसने इशारों में किसी मूछ वाले व्यक्ति के छेड़छाड़ करने की बात राजेंद्र को बताई। राजेंद्र महिला को लेकर पड़ोसी रिश्तेदार संतराम के घर गया और पूरी बात बताई। इस पर दोनों बड़ी मूंछे रखने वाले गांव के ही कल्लू के घर महिला को लेकर पहुंचे। महिला ने कल्लू को देखा और उसके न होने की बात इशारे में बताई। आरोप है कि वहां पर खड़ी संतराम की पत्नी कल्लू पर आरोप लगाने लगी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कल्लू का पुत्र संजय किसी काम से बाहर गया था। देर शाम जब वह घर पहुंचा तो पिता पर गलत आरोप सुनकर आग बबूला हो गया और वह संतराम के घर जा धमका। उसके पीछे कल्लू भी पहुंच गए। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान कल्लू और उसके बेटे संजय पर राजेंद्र, संतराम आदि लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर टूट पड़े। आरोप है कि कल्लू के ऊपर संतराम की बेटी और पत्नी ने छोटी कुल्हाड़ी से गर्दन सहित कई स्थानों पर कई प्रहार कर दिए, जिससे कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस घायल कल्लू को सीएचसी लाई, जहां उसकी मौत हो गई। रात भर शव सीएचसी के बाहर पेड़ के नीचे पड़ा रहा। पुलिस ने रविवार सुबह उसका पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर संतराम उसकी पत्नी मीला, पुत्री अर्चना और राजेंद्र के खिलाफ गैरइरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी संतराम, उसकी पत्नी और पुत्री को हिरासत में ले लिया है।