जेएनयू में छात्र नेताओं की राष्ट्र विरोधी हरकतों और आतंकियों के पक्ष में नारेबाजी के खिलाफ हिंदू संगठनों ने यहां जोरदार प्रदर्शन किया। जेएनयू के छात्र नेताओं के साथ उनका समर्थन करने वाले राहुल गांधी का पुतला भी फूंका गया। विश्व हिंदू वाहिनी और बजरंग दल ने राष्ट्र विरोधी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विभिन्न हिंदू संगठनों के लोगों के साथ शहर के सैकड़ों नागरिक सुभाष पार्क में इकट्ठा हुए और जेएनयू मुद्दे पर सभा की। इसमें हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री विनय तिवारी ने कहा कि राष्ट्र के विरुद्ध कोई भी षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राष्ट्रद्रोहियों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। अभिषेक सिंह ने कहा कि सभी देशद्राही छात्रों और उनके समर्थकों को जेल में डाला जाए। धीरज और अरविंद श्रीवास्तव ने भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बजरंग दल केेे जिला संयोजक अनुज तिवारी ने कहा कि देश में राष्ट्र विरोधी गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। हिंदुओं की घार्मिक आस्थाओं और उनकी अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बरेली में 12 साल की बालिका की बलात्कार करने के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस के कार्रवाई न करने से रोष है। इससे भी दुर्भाग्य की बात यह है कि तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दल अपनी राजनीति चमकाने के लिए ऐसे लोगों का समर्थन कर उन्हें बढ़ावा दे रहे हैं।
हिंदू संगठनों की अगुवाई में जागरूक लोगों ने सुभाष पार्क से मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए यह जुलूस शहर सदर चौराहा, मेन रोड और कचहरी रोड होते हुए विलोबी मैदान पहुंचा। यहां जेएनयू के छात्र नेताओं और राष्ट्रविरोधी तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका। साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शन में मंगलम वाजपेयी, शिवांशु श्रीवास्तव, सुमित जायसवाल, मनीष मिश्र, संजय मिश्र, राम पांडेय, अरुण मिश्र, सत्येंद्र द्विवेदी, आनंद अग्निहोत्री, आयुष पांडेय, अमिय त्रिपाठी, बलजीत सिंह, संजीव राज गुप्ता, राघव गुप्ता, चंदन शाह, हर्षित अवस्थी, आर्यन अग्निहोत्री, सुरेंद्र कश्यप, राहुल चौरसिया, दिलीप चौरसिया, शुभम आदि शामिल रहे।
नगर के रामलीला चौराहे पर मंगलवार को अखिल विद्यार्थी परिषद मोहम्मदी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी का पुतला फूंका।इस संबंध में जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष एवं उसके साथियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
इसके अलावा इन देश विरोधियों का समर्थन करने वाले कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की गई।
इस मौके पर एबीवीपी के तहसील संयोजक प्रशांत द्विवेदी, सहमंत्री शुभदीप सिंह, सुमित राठौर, विभव सिंह, ललित शर्मा, अंकित मिश्रा, अमोल अग्निहोत्री, शिवम सक्सेना, मयंक गुप्ता, गगन वर्मा, संतराम सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।