जिले में शनिवार की रात फरधान, निघासन और हैदराबाद में लूट के इरादे से आए बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। वहीं फरधान क्षेत्र में बदमाशों ने एक बुजुर्ग को धारदार हथियार से प्रहार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। इन घटनाओं की रिपोर्ट लिखना तो दूर पुलिस एक भी बदमाश का पता नहीं लगा पाई है। इससे ग्रामीणों में दहशत है।
खिड़की तोड़कर घुसे बदमाशों ने एक को जख्मी किया
महेवागंज। फरधान थाना क्षेत्र के खेतौसा गांव में शनिवार रात असलहाधारी बदमाशों ने पूर्व प्रधान के घर धावा बोल दिया। बदमाशों की आहट पाकर जागे प्रधान के बुजुर्ग भाई ने शोर मचाया तो बदमाशों ने धारदार हथियार से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।
बदमाश खेतोसा गांव निवासी पूर्व प्रधान निसार अहमद के घर के पीछे की खिड़की उखाड़कर अंदर दाखिल हो गए। निसार ने बताया कि परिवार के लोग छत पर सो रहे थे, जबकि 62 वर्षीय उनके बड़े भाई तौले नीचे आंगन में लेटे थे। आहट पाकर तौले ने दरवाजे से झांका तो खिड़की का पल्ला टूटा देख वह जैसे ही करीब पहुंचे, दो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने विरोध करने पर तौले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर घायल हो गए। शोर मचाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज पर ग्रामीण भी जाग गए। जब तक ग्रामीण इकट्ठा होते बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना पर रात में ही फरधान एसओ आरपी यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका-मुआयना किया और बदमाशों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद बदमाशों का पता नहीं चला। एसओ ने बताया कि बदमाशों के धावा बोलने की जानकारी मिलने पर वह गए थे। लूटपाट के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। चुनावी रंजिश का मामला भी हो सकता है। फिलहाल जांच की जा रही है।
बदमाशों ने नकदी और जेवर लूटा
गोला गोकर्णनाथ। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव मूड़ाविश्नू में शनिवार रात को नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने गांव के बाहर बने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और जेवर लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
गांव निवासी अमीनुद्दीन ने बताया कि 16/17 की रात करीब ढाई बजे सशस्त्र बदमाशों ने घर के बाहर टिनशेड के नीचे उनकी 65 वर्षीय मां नसीमन और भाई मइजुद्दीन को तमंचा दिखाकर शोर मचाने से मना किया। घर के बाहर से बंद दरवाजे को खोलकर बदमाश घर के अंदर चले गए। इसके बाद सभी लोगों को एक पास एकत्र कर घर के अंदर रखे नौ हजार रुपये और लाखों का जेवर लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर हैदराबाद एसओ अजय कुमार यादव ने पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सशस्त्र बदमाशों ने दो घरों में की लूट
ममरी। शनिवार की रात हैदराबाद गांव में घुसे आधा दर्जन सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने दो घरों में धावा बोलकर लाखों के गहने, सामान लूट लिया और फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत है।
ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार की आधी रात को बदमाशों ने सो रहे रामकिशोर के विकलांग बेटे देशराज की लोहे की राड से पिटाई कर कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। इसी बीच गृहस्वामी रामकिशोर ने एक बदमाश को पीट दिया। लूट में विफल रहने पर बदमाश देशराज का मोबाइल छीन कर भाग निकले। इसके बाद बदमाशों ने गांव के उत्तर सोमवारी लाल के घर धावा बोल कर गृहस्वामी सोमवारी लाल को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने कमरों के अंदर रखी अलमारी, बक्सों के ताले तोड़कर 10 हजार की नगदी, महिलाओं के गहने, कपड़े आदि तीन लाख का सामान लूट कर फरार हो गए। एक ही गांव में दो घरों में लूट की घटना से लोगों में दहशत है। सूचना पाकर गांव पहुंचे एसओ अजय कुमार यादव ने मौका-मुआयना किया है। हालांकि अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है। एसओ का कहना है कि अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।