मोहल्ला अर्जुनपुरवा में अंग्रेजी शराब की दुकान पर आबकारी टीम ने छापेमारी कर दुकान को सीज कर दिया है। डीएम के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी ने दुकान का लाइसेंस निरस्त करते हुए ठेकेदार से सात दिन में जवाब मांगा है।
आबकारी निरीक्षक परमहंस कुमार और दिलीप वर्मा मय टीम रविवार को अर्जुनपुरवा स्थित रमन अग्रवाल की अंग्रेजी शराब दुकान पर पहुंचे। पहले दुकान में रखे माल की जांच पड़ताल की औैर इसके बाद दुकान को सीज कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी सुनील मिश्रा ने 14 मई को दुकान का निरीक्षण किया था, जिसमें बोतलों के होलोग्राम और ढक्कन के साथ छेड़छाड़ पाई गई थी। इसके बाद मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई थी। इसके बाद डीएम ने दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है औैर ठेकेदार से सात दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। जिला आबकारी अधिकारी सुनील मिश्रा ने बताया कि प्रतिदिन शराब दुकानों की गोपनीय तौर पर चेकिंग कराई जाएगी। अपमिश्रण या गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्र्रवाई की जाएगी।
11 नमूने जांच को भेजे
ईसानगर। क्षेत्र के हसनपुर कटौली में नकली देशी शराब की फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बरामद शराब के 11 नमूने जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद अल्कोहल की वैरायटी के बारे में पता चल सकेगा।