पूर्व प्रधान के घर हुई लूटपाट का मामला
अन्य सामान बरामद करने के प्रयास में जुटी पुलिस
एक-दो दिन में पुलिस कर सकती है घटना का खुलासा
खेशवाही गांव के पूर्व प्रधान के घर हुई लूटपाट की घटना के खुलासे के करीब कोतवाली पुलिस पहुंच गई है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने लूटी गई बंदूक और मोबाइल बरामद कर इसी थाना क्षेत्र के चार लोगों को दबोच लिया है। पुलिस अन्य फरार साथियों और लूटा गया अन्य सामान बरामद करने की कोशिश में जुटी हुई है। पुलिस एक-दो दिन में घटना का खुलासा कर सकती है।
बतादें कि 26 अगस्त की रात खेशवाही गांव के पूर्व प्रधान सरस्वती प्रसाद तिवारी के घर बदमाश घुस गए थे। बदमाशों ने सो रहे पूर्व प्रधान को रस्सी से बांधकर 50 हजार रुपये, दो दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, दो नाली लाइसेंसी बंदूक और 25 कारतूस लूट लिए थे। एसपी अखिलेश चौरसिया के निर्देश पर कोतवाली पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम घटना के खुलासे में लगी थी। कोतवाली के भरोसेमंद पुलिस सूत्रों का दावा है कि पुलिस ने लूटी गई बंदूक और मोबाइल बरामद कर चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर लूटे गए अन्य माल को बरामद करने का प्रयास कर रही है। कोतवाल डीसी मिश्रा ने बताया कि पुलिस खुलासे के करीब है। उन्होंने माना कि चार लोग हिरासत में लिए गए हैं, लेकिन बंदूक और मोबाइल बरामद करने के बावत खामोश रहे। हालांकि उन्होंने एक-दो दिन में घटना का खुलासा करने की बात कही।