थाना क्षेत्र खीरी में बारात में नाच को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। इस दौरान हुई मारपीट में महिलाओं समेत करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को चोटेें आई हैं। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र गोला के ग्राम जहानपुर निवासी मुस्ताक की बारात शुक्रवार को थाना क्षेत्र खीरी के ग्राम रुद्रपुर में गई थी। गांव के बाहर दहरबाबा की मजार के पास बाराती रुके थे लगभग दो बजे बाराती नाश्ता कर रहे थे और बाजे पर लोग डांस कर रहे थे। इस दौरान नाच देख रहे गांव रुद्रपुर के कुुछ लोगों की शरारत से माहौल बिगड़ गया। बारातियों और गांव रुद्रपुर के लोगों में विवाद और फिर मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में गांव रुद्रपुर के लाल मोहम्मद, इसरार, सरवर, कमाल और मुन्नी तथा रूपा और बाराती पक्ष के मुस्ताक, शकीना, रहीस, सफीक, लतीफ, मुंशी और अकीकुन सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। बारात पक्ष के लोगों ने गांव रुद्रपुर के लोगों पर दहेज का सामान और दस हजार रुपये नकद लूटने का भी आरोप लगाया है। सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा।