हैदराबाद थाना पुलिस ने रोशननगर में दो अलग अलग मामलों में कुर्की की कार्रवाई की है।
संसारपुर में बीती 15 नवंबर की रात गृहस्वामी जगदीश वर्मा की हत्या और चार दिसंबर की रात यहीं के निवासी कमरुद्दीन, अनिल वर्मा के घरों में हुई डकैती के मामले में वांछित तीसरे इकबालिया आरोपी किशन निवासी छिछौना के घर कोर्ट के आदेश पर नोटिस चस्पा करने के बाद गांव के गवाहों के सामने सारा सामान कुर्क कर कब्जे में ले लिया है।
एसओ जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों बहारे आलम निवासी हैदराबाद, विनोद निवासी तिलोकपुर, किशन निवासी छिछौना के खिलाफ कोर्ट से कुर्की का आदेश जारी हुआ था। इसमें से विनोद, बहारे आलम के घर पहले ही कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है। इस मामले में दो बदमाश ओमकार निवासी तकिया, राजकुमार निवासी एबीपुर को गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे, जबकि दो आरोपियों राजू बंजारा निवासी मितौली, भोलू घोसी निवासी गोला ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।