संदिग्ध हालात में हुई थी विवाहिता की मौत
मायके पक्ष को नहीं देखने दिया शव
पुलिस ने अंत्येष्टि रोक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थाना ईसानगर के गांव ठुठुवा मझरा ओझापुरवा निवासी सोहनलाल की 25 वर्षीय पत्नी गीता देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर जब मायके वाले मौके पर पहुंचे तो ससुराल वालों ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया और भगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंत्येष्टि के लिए ले जा रहे शव को रोककर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बहराइच जिले के थाना खैरीघाट के गांव बेलामकन निवासी कीरतराम यादव ने बताया कि उन्होंने पुत्री 25 वर्षीय गीता देवी की विवाह पांच साल पहले थाना ईसानगर के गांव ठुठुवा मजरा ओझापुरवा निवासी सोहन यादव के साथ किया था। शादी के बाद से ही पति व ससुराल के अन्य लोग एक लाख रुपये व बाइक की मांग को लेकर पुत्री को मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। उसे कई-कई दिनों तक भूखा प्यासा रखा। दो साल से पुत्री को मायके नहीं भेज रहे थे। यदि मायके से कोई मिलने जाता था तो उसे भी मिलने नहीं देते थे। आरोप है कि शुक्रवार की रात पति और ससुराल के अन्य लोगों ने उसकी पुत्री को मार डाला। सुबह गांव के कुछ लोगों ने जब पुत्री की मौत होने की जानकारी दी तो वह अपने पुत्र व बड़े दामाद के साथ पुत्री की ससुराल पहुंचे। जहां ससुराल के लोग शव की अंत्येष्टि की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने जब घर में घुसने की कोशिश की तो ससुराल वालों ने घर के अंदर नहीं घुसने दिया और गाली गलौज करते हुए वहां से भगा दिया। जिस पर वह थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच ससुराल वाले पुत्री का शव अंत्येष्टि के लिए लेकर चल दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने डनलप से शव उतरवाकर कब्जे में ले लिया। एसओ शिवानंद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।