पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान होने के दूसरे ही दिन थाना फरधान के गांव कोटखेरवा और थाना नीमगांव के गांव ढखिया मदन में चुनावी रंजिश के चलते बड़े पैमाने पर बवाल हुआ, जिसमें जमकर हुई मारपीट में 19 लोग घायल हो गए। घायलों का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया है और आरोपियों के खिलाफ बलवा समेत कई धाराओं में मुकदमें दर्ज किए गए।
फरधान। थाना फरधान एवं ब्लाक बेहजम के गांव कोटखेरवा में रविवार की दोपहर को प्रधान पद के एक प्रत्याशी ने अपने एक समर्थक की मदद से गांव के ही दर्जन भर लोगों को अपने घर बुलाया, जहां उसने सभी की लाठी-डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया। इस घटना में रामकुमार वर्मा, इंद्रेश, संतोष को गंभीर चोटें आईं हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि राजेश, मुनीश, राजबहादुर, संतलाल, राकेश, आलोक, विनोद, जगदीश प्रसाद, संकटा प्रसाद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है। हमले में घायल रामकुमार, राजबहादुर आदि ने आरोप लगाया है कि प्रत्याशी शिवप्रसाद ने अपने समर्थक वीपेंद्र के द्वारा उन लोगों को बुलवाया था, जहां पहुंचने पर वोट न देने का आरोप लगाते हुए मारापीटा गया। इस दौरान पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। इसके बाद दबंगों ने उनके घर पर आकर मारपीट की और हंगामा किया। आरोप है कि आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। फरधान पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। गांव में तनाव बना हुआ है, जिससे जवाबी घटना की आशंका बनी हुई है।
भूपतिपुर। थाना नीमगांव के गांव ढखिया मदन में रविवार की दोपहर करीब एक बजे दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष के छह व्यक्तियों समेत सात लोग घायल हो गए। करीब एक घंटे तक चले बवाल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजवाया।
ढखिया मदन निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि शनिवार को हुए मतदान में वोट न देने के कारण आरोपी प्रत्याशी ने अपने समर्थकों की मदद से उनके परिवार वालों को पीटकर घायल कर दिया, जिसमें विनोद कुमार, राजेश, जयदयाल, रामाधीन, प्रकाश और संदीप घायल हो गए। मारपीट का विरोध करने पर दूसरे पक्ष का पिंकू भी चोटिल हुआ है। एसआई मनोज कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट का मुुकदमा दर्ज किया गया है।
बग्घून। थाना क्षेत्र मैगलगंज के तहत भगौतीपुर में रविवार सुबह चुनाव की रंजिश को लेकर गांव के सुनील ने अनिल की पिटाई कर दी। फिर दोनों पक्षों की में पत्थरबाजी और फायरिंग हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। पुलिस ने मामला पुरानी रंजिश का बताया है।