मतदान के दौरान खमरिया गांव में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने दूसरे दिन 10 लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शनिवार को प्रथम चरण के मतदान में मितौली क्षेत्र के गांव खमरिया में प्रधान पद के प्रत्याशी का एक समर्थक नशे में धुत होकर पोलिंग बूथ पर तैनात एक पुलिस कर्मी से वोट डालने को लेकर उलझ गया था। जिसके बाद पुलिसकर्मी ने इसकी जानकारी जोनल मजिस्टेट और थाना प्रभारी को दी थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे जोनल मजिस्टेट और मितौली पुलिस ने वहां पर मौजूद भीड़ को लाठियां भांजकर खदेड़ा था।
पुलिस के लाठी भांजने पर गांव के कई लोग काफी जख्मी चोटिल हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप था कि पुलिस द्वारा 200 मीटर दूर पड़ी कुर्सियों को तोड़ा गया तथा गाड़ियों को पंक्चर किया गया। पुलिस की यह कार्रवाई करीब एक घंटे तक चली। इस कार्रवाई से लोगों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने अकारण लोगों को दौड़ाकर पीटा। वहीं पुलिस ने मोहित कुमार, प्रेमचंद, रामनिवास, अमित कुमार, सुरजन लाल, मनोज कुमार, दिलीप कुमार, कृष्ण कुमार, मनोज कुमार, अशोक कुमार पर धारा 151 के तहत कार्रवाई कर चालान भेजा है।