सदर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई। सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट की अगुवाई में पुलिस ने दो दिन पहले सदर कोतवाली के गांव सैदापुर से चंदन का पेड़ काटकर लग्जरी कार से लेकर कन्नौज जा रहे चार तस्करों को दबोच लिया। पुलिस ने कार से करीब एक क्विंटल लकड़ी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने चारों को जेल भेज दिया।
सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट ने बताया कि 27 मार्च की रात तस्करों ने सदर कोतवाली की पुलिस चौकी रामापुर क्षेत्र के गांव सैदापुर निवासी राम सिंह के घर के बाहर लगा चंदन पेड़ काट लिया था। पेड़ स्वामी ने घटना की मौखिक सूचना पुलिस को दी थी। जिस पर उन्होंने टीमें लगाकर तस्करों की तलाश शुरू कराई। सीओ सिटी ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि एक लग्जरी कार से चार लोग चंदन की लकड़ी लेकर जा रहे हैं। सूचना पर उन्होंने घेराबंदी कराकर वाहनों की चेकिंग कराई। चेकिंग के दौरान राजापुर पुलिस चौकी के पास पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें करीब एक क्विंटल चंदन की लकड़ी बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार में सवार कन्नौज निवासी अनिल कुमार, मंजेश कुमार और सीतापुर जिले के थाना तालगांव के गांव पट्टी सेवई निवासी इस्लाम और मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। बकौल सीओ सिटी, पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों ने सैदापुर से चंदन का पेड़ काटे जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने कार और बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों का चालान कर दिया।
सीतापुर के आरोपी करते थे रैकी
सीओ सिटी निर्मल कुमार ने बताया कि सीतापुर निवासी इस्लाम और मुकेश क्षेत्र में चंदन के पेड़ों की रैकी करते हैं। इसके बाद वह इसकी जानकारी कन्नौज के तस्करों को देते थे। इस पर कन्नौज के तस्कर खीरी पहुंचकर घटना को अंजाम देते हैं।