जिले में अलग-अलग कारणों से दो महिलाओं समेत चार लोगों की असमय मौत हो गई।
थाना भीरा के गांव बीवीपुर निवासी महेश कुमार की 30 वर्षीय पत्नी बाटू सोमवार की रात को संदिग्ध हालात में आग लगने से झुलस गई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
भीरा क्षेत्र के ही गांव मूड़ा बुजुर्ग निवासी 35 वर्षीय संतोष कुमार ने सोमवार की रात को जहर खा लिया, जिसकी जानकारी होने पर परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह संतोष ने दम तोड़ दिया।
वहीं खीरी थाना के गांव गजनीपुरवा निवासी शिवप्रसाद की 22 वर्षीय पुत्री बैका देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका के ताऊ इतवारी लाल ने बताया कि उसके भाई शिवप्रसाद की कई साल पूर्व मौत हो चुकी है। सोमवार की रात को बैका देवी अपनी छोटी बहन प्रेमकली के साथ छत पर सो रही थी। रात करीब 11 बजे बैका देवी की संदिग्ध हालात में छत से नीचे गिरकर मौत हो गई। परिवार वालों के मुताबिक मृतका के गले में खरोंच के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका है।
उधर, जिला अस्पताल में 28 दिन पूर्व एंबुलेंस द्वारा लावारिस हालत में भर्ती कराए गए घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक मृत युवक की पहचान मुजफ्फरनगर जिले के थाना कटरा के गांव परिहार निवासी 35 वर्षीय प्रभात कुमार के तौर पर हुई है। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है।