सीओ ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दे दी। बदमाशों ने गांव खेसवाही निवासी पूर्व प्रधान सरस्वती तिवारी के घर में घुसकर उन्हें बांध दिया और घर में रखी बंदूक, कारतूस पेटी, 50 हजार रुपये की नकदी, जेवर समेत लाखों रुपये का सामान लूट ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर सीओ ने मौका मुआयना कर घर वालों से पूछताछ की और घटना का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया।
गांव खेशवाही निवासी पूर्व प्रधान सरस्वती प्रसाद तिवारी ने बताया कि वह एक मकान में अकेले रहते हैं, जबकि कुछ दूरी पर स्थित दूसरे मकान में परिवार के अन्य लोग रहते हैं। शुक्रवार की रात में वह कमरा का दरवाजा खुला छोड़कर सो रहे थे। आधी रात के बाद बदमाश उनके घर घुस आए। बदमाशों ने उन्हें चारपाई पर ही दबोच लिया और रस्सी से बांध दिया। गन प्वाइंट पर लेकर बेड की रेक में रखे 50 हजार रुपये दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, लाइसेंसी दो नाली बंदूक, 25 कारतूस लूट लिए। उन्होंने बताया कि बदमाशों की संख्या करीब छह थी। सभी बदमाशों के चेहरे खुले थे। तीन बदमाश फावड़े से कमरे के अंदर गड्ढे खोदकर गडे़ धन के बारे में पूछ रहे थे। करीब डेढ़ घंटे बदमाशों ने घर में रुककर लूटपाट की। बाद में उसे बंधा छोड़कर लूटे गए सामान समेत भगा निकले। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया तो परिवार व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूर्व प्रधान की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ हरिराम वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूर्व प्रधान से जानकारी ली।
--
फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
फील्ड यूनिट की टीम ने गांव खेशवाही पहुंचकर पूर्व प्रधान के घर हुई डकैती की घटना का निरीक्षण किया और टीम में शामिल एक्सपर्ट ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। सीओ ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं, शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
--
सुबह आठ बजे पुलिस को दी सूचना
पूर्व प्रधान ने घर में हुई डकैती की सूचना पुलिस को नहीं दी। गांव के एक व्यक्ति द्वारा सुबह जब पुलिस को घटना की सूचना मिली तो इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जिससे पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला तीन दिन पहले हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।