गोविंदपुर फार्म निवासी साधन सहकारी समिति के पूर्व उपाध्यक्ष को कथित तौर पर बग्गा ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। उनके मुताबिक फोन पर उससे डालू गुप्ता की मुखबिरी करने की बात कहकर धमकी दी गई। समिति के पूर्व पदाधिकारी ने एसओ निघासन को पूरी घटना की जानकारी देकर शिकायत की है।
साधन सहकारी समिति के पूर्व उपाध्यक्ष गोविंदपुर फार्म निवासी इकबाल सिंह उर्फ कुल्ला ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 8.50 पर उनके पास फोन आया कि वह बग्गा बोल रहा है। फोन करने वाले ने कहा कि तुमने हमारे साथी डालू की मुखबिरी कर पुलिस की मदद की थी। अब हम तुम्हें भी चैन से जीने नहीं देंगे। पांच दिनों तक खा-पी लो, छठा दिन हमारा होगा, उसके बाद तुम इस दुनिया में नहीं रहोगे। इतना कहने और गालियां देने के बाद फोन डिस्कनेक्ट कर दिया गया। कुल्ला सिंह ने इस घटना की बाबत एसओ को भी बताया। एसओ आरके यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, तथ्यों के सामने आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि गोविंदपुर फार्म में ही कुख्यात बदमाश बग्गा के साथी डालू उर्फ सचिन गुप्ता को मुठभेड़ में मारा गया था।