कोतवाली धौरहरा के गांव समदहा में खेत चराने को लेकर हुए मामूली विवाद में दबंगों ने एक किसान के गन्ने के खेत में आग लगा दी। इसके बाद उसके घर में घुसकर नाक काट ली। किसान को बचाने के लिए उसकी पत्नी आगे आई तो दबंगों ने उसको पीट दिया। घायल किसान ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
समदहा निवासी मायाराम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि गांव में ही उसका तीन बीघा खेत है, जिसमें गन्ना लगा है। रविवार की शाम को गांव के ही कमल किशोर उर्फ मंझिल और सरजू लोनिया ने गन्ने के खेत में आग लगा दी, जिससे एक बीघा गन्ना जलकर नष्ट हो गया। इसके बाद मायाराम ने शिकायत की तो आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके घर पर धावा बोल दिया।
आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी और इसी दौरान धारदार हथियार से उसकी नाक पर प्रहार कर दिया जिससे वह कट गई। मायाराम को बचाने के लिए उसकी पत्नी मायादेवी आगे आई तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। मायाराम ने रंजिश के बारे में बताया कि कुछ माह पूर्व आरोपियों ने एक सांड़ को मार दिया था, जिसकी सूचना उसने पुलिस को दी थी। इससे भी आरोपी रंजिश मानने लगे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल रंजीत सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।