शहर के मोहल्ला बाजार में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग को कुछ लोगों ने गोली मार दी। इसमें वह बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने के कारण उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही सीओ रामआसरे सिंह मय दलबल के मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई। घटना से बाजार में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए।
शहर के मोहल्ला बाजार निवासी 65 वर्षीय शेर खां पुत्र हब्बू खां मूल रूप से पलिया थाना क्षेत्र के गांव अतरिया निवासी हैं। वह कई वर्षों से पलिया में रहने लगे हैं। शनिवार की शाम करीब 7.30 बजे जब वह घर से नमाज पढ़कर मदरसा सिराते मुस्तकीम जा रहे थे उसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर फायर कर दिया। गोली उनकी पीठ में लगी और वह वहीं गिर पड़े, गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो हमलावर फरार हो गए। लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना गांव की किसी पुरानी रंजिश से जुड़ी हुई है। परिवार वालों के मुताबिक हमलावरों की संख्या 4 से 5 के बीच है। फिलहाल अभी इस मामलें में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। सूचना मिलते ही सीओ रामआसरे सिंह, एसओ राजकुमार यादव मय दलबल के मौके पर पहुंच गए। सरेशाम हुई इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई।