बेखौफ चोरों ने शुक्रवार की रात बेरूआ बाजार स्थित इलेक्ट्रानिक्स की दुकान खंगाल डाली। सेंध काटकर चोर डीजे मशीन, कैमरा, कम्प्यूटर आदि करीब दो लाख रुपये का सामान उठा ले गए। दुकान में हुई चोरी की भनक लगते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद दुकानदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना से अन्य दुकानदारों के भी होश उड़े हुए हैं।
चरवा कोतवाली क्षेत्र के जीत का पुरवा गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र सरजू प्रसाद की बेरूआ चौराहे पर इलेक्ट्रानिक्स के साथ फोटोग्राफी की दुकान है। साथ ही वह डीजे संचालक भी है। रोजाना रात में वह घर चला जाता है। बताया कि शुक्रवार की रात भी करीब 9 बजे दुकान बंद करके वह घर चला गया था। रात दुकान में सेंध काटकर चोर पांच हजार रूपये, कैमरा, डीजे मशीन, कम्प्यूटर के अलावा मोबाइल, सीएफएल, ट्यूबलाइट्स, इलेक्ट्रानिक टार्च, घड़ियां आदि करीब दो लाख रूपये का सामान उठा ले गए। सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान में सेंध लगी देखी, तो उन्हें चोरी होने की आशंका हुई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी दुकानदार को दी। सूचना लगते ही वह भागकर दुकान आया। भीतर का मंजर देख उसके होश उड़ गए। चोर उसकी पूरी दुकान साफ कर गए थे।
उधर, दुकान में हुई चोरी की सूचना पर चरवा कोतवाली पुलिस भी आई। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। दुकानदार ने बताया कि अभी महीनेभर पहले भी उसकी दुकान में चोरी हुई थी। बताया कि तब भी उसने पुलिस को तहरीर दी थी। पर, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इधर, फिर उसकी दुकान चोर खंगाल ले गए। वहीं बाजार में हुई चोरी की वारदात से अन्य दुकानदारों के होश उड़े हुए है। एसओ ने बताया कि किसी की दुकान में बार-बार चोरी होने से साफ है कि इसमें किसी स्थानीय उचक्के का ही हाथ है। घटना की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही खुलासा भी होगा।