गांव सहिंजना निवासी कुमेश के घर पर बुधवार रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों के जेवर और नगदी लूट ली। वारदात को अंजाम देते समय बदमाशों ने परिवार वालों को बांधकर डाल दिया। पुलिस को दी गई तहरीर में 15 हजार की नगदी के अलावा करीब तीन लाख का माल लूटने की जानकारी दी गई है। उधर पुलिस ने घटना की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
गांव सहिंजना निवासी कुमेश मौर्य ने बताया कि बुधवार की रात उसकी पत्नी मीनू, पांच वर्षीय बेटा यश कमरे में लेटे थे। घर के उत्तर की तरफ बेकार ट्रॉली का टायर रखा था। उसी केसहारे दीवार फांदकर बदमाश रात करीब 1.30 बजे घर के अंदर आ धमके। कुमेश के कमरे का दरवाजा खुला होने के कारण पांच बदमाश अंदर प्रवेश हो गए। बदमाशों के हाथ में तलवार और तमंचा देखकर वे लोग डर गए। बदमाशों ने सभी को बांध कर डालने के बाद मीनू से दूसरे कमरे का दरवाजा खुलवाने को कहा। मीनू के आवाज देते ही उसके जेठ मुनेश ने दरवाजा खोल दिया। दूसरे कमरे में भी बदमाशों ने प्रवेश कर कमरे में लेटी मुनेश की पत्नी मुन्नी, बेटे विकास को भी कुमेश के कमरे में बांध दिया। उसके बाद घर के बाहर सो रही कुमेश की मां रामकुमारी, कीर्ति और कोमल को भी बदमाशों ने कमरे में बांध दिया। उसके बाद बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे 15 हजार नगद, दो मटर माला, मीनू, रामकुमारी, मुन्नी के कान के कुंडल, टाप्स और झाले निकलवा लिया। उसके बाद बक्से का ताला तोड़कर सोने का लाकेट, पांच जोड़ह चांदी की पायल, तीन सोने की मटर माला, तीन गुल्लकों में रखे पैसे, कपड़े समेत करीब तीन लाख का माल लूट लिया।
एक को छोड़कर सभी ने बांधा था नकाब
मीनू ने बताया कि एक बदमाश को छोड़कर सभी ने नकाब और गोल्डस्टार जूते भी पहन रखे थे। बदमाश एक हाथ में तलवार दूसरे में तमंचा ले रखे थे। पांच बदमाश कमरे में और कुछ छत और शेष बाहर लगे दरवाजे पर खड़े थे।
बोलेरो से आए थे बदमाश
गांव के उत्तर की तरफ लगे कोल्हू स्वामी ने बताया कि एक बोलेरो आकर रुकी। करीब एक घंटे बाद वह बोलेरो सिंगाही की ओर चली गई।
सात साल पहले भी पड़ी थी डकैती
कुमेश ने बताया कि सात साल पहले भी बदमाशों ने घर में घुसकर करीब चार लाख की लूट की थी। पुलिस ने कार्रवाई करना तो दूर लूट की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की थी।
एसओ बीएल यादव ने बताया कि मौके पर जाकर निरीक्षण किया था। लूट के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।