नौगवां में संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। उसकी पत्नी ने कुछ लोगों पर जहरीली शराब पिलाकर उसे मारने का आरोप लगाया है। शाम तक पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी।
नौगंवा निवासी कुमित कुमार (35) की पत्नी रूपा देवी के मुताबिक शनिवार की दोपहर करीब 2.30 बजे उसे सूचना मिली की उसके पति एक व्यक्ति के घर के पास पड़े हैं तो वह वहां पहुंची। उसने देखा कि उसका पति बेसुध पड़ा है। पति को घर तक पहुंचाने और डॉक्टर को लाने की फरियाद वह मोहल्ले के लोगों से करती रही लेकिन किसी ने नहीं सुना। उसके मुताबिक काफी देर बाद उसने अकेले ही बड़ी मुश्किल से अपने पति को घर पहुंचाया और होश आने का इंतजार करती रही। आधी रात को उसके पति ने दम तोड़ दिया। रूपा का आरोप है कि कुछ लोगों ने जहरीली शराब पिलाई थी जिससे उसकी मौत हुई है। देर शाम तक पुलिस को न तो सूचना दी गई थी और न ही शव का अंतिम संस्कार किया गया था। चौकी इंचार्ज संदीप यादव ने बताया कि इस मामले की अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। पति मजदूरी कर जब कुछ लाता था तभी घर का चूल्हा जलता था। अब उसे चिंता सता रही है कि कैसे बच्चों की परवरिश करेगी और उसका रो-रो कर बुरा हाल है।