मृतक के भाई ने दूसरे सगे भाई के परिवारवालों पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नकटी निवासी एक अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के एक भाई ने दूसरे सगे भाई के परिवार वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव नकटी निवासी सेवानिवृत शिक्षक विक्रमादित्य ने बताया कि उनके भाई 45 वर्षीय विनोद कुमार उर्फ निराला की साढ़े तीन बीघा जमीन की दूसरे भाई मानसिंह के परिवार वालों ने वसीयत करवा ली थी। अब विनोद इस भूमि पर फसली ऋण लेना चाहता था। आरोप है कि एक माह पूर्व विनोद की पिटाई भी की गई थी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। शुक्रवार को उनके भाई विनोद की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उधर, मानसिंह की पत्नी शिक्षिका सरोजनी का कहना है कि सात वर्ष की उम्र से विनोद उनके पास रहे थे। उन्होंने एलएलबी तक शिक्षा दिलवाई। उनका कहना है कि विनोद नशे के आदी थी। इस कारण उसकी शादी भी नहीं हुई। एक माह पूर्व सीढ़ी से गिरने से उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसका इलाज शाहजहांपुर में चल रहा था।
डॉक्टर के मना करने के बाद भी विनोद ने नशा नहीं छोड़ा। शुक्रवार को भी एक युवक की बाइक से शराब पीकर घर आया था, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई। मान सिंह शाहजहांपुर में मत्स्य विभाग में लिपिक पद पर कार्यरत है। सरोजनी का कहना है कि उसका एक मारपीट का मुकदमा जेठ विक्रमादित्य के पुत्र आदि से चल रहा है। इसी रंजिश में उसके परिवार को साजिशन फंसाया जा रहा है।
कोतवाल विजय प्रताप यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।