त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर उप आबकारी आयुक्त श्रीप्रकाश राव ने बुधवार को जिले का दौरा किया। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी सहित टीम के साथ माडल शॉप और बार पर छापेमारी की। रानीगंज स्थित एक मॉडल शाप से विभिन्न ब्रांड की आठ पेटी अंग्रेजी शराब को कब्जे में ली, जिसमें गड़बड़ी का आशंका थी। इसके अलावा सदर चौराहे स्थित सरदार बार, महेवागंज स्थित बार पर छापा मारकर निरीक्षण किया।
उप आबकारी आयुक्त ने पंचायत चुनाव के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने और कच्ची शराब पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शराब दुकानों पर लगातार नजर रखने और चेकिंग के निर्देश दिए हैैं। खासकर दूसरे प्रांतों से लाकर तस्करी की शराब बिक्री के मामले सामने आने के बाद आबकारी टीम को सक्रियता बढ़ाने को कहा है। आबकारी अधिकारियों के साथ उप आबकारी आयुक्त ने मोहल्ला रानीगंज स्थित मॉडल शॉप से आठ पेटी संदिग्ध अंग्रेजी शराब मिली, जिसके कागज सेल्समैन प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद शराब को कब्जे में लेते हुए उसे गोदाम पर लाया गया। काफी देर तक ठेकेदार और अधिकारियों के बीच बातचीत का सिलसिला चला, जिसके बाद शराब को छोड़ दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी ईश्वरदयाल ने बताया कि शराब पिछले साल की थी, जिसके कागज ठेकेदार ने दिखा दिए तभी शराब को छोड़ा गया। इस मौके पर आबकारी निरीक्षक संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।