पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत होने की पुष्टि
बहन को करवा देकर करवा चौथ के दिन वापस आते समय रहस्यमय ढंग से लापता हुए थाना ईसानगर के गांव भेडहिया निवासी 35 वर्षीय सकटू का शव इसी थाना क्षेत्र के दहौरा नाले में उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना ईसानगर के गांव भेडहिया निवासी सकटू 19 अक्तूबर को अपनी बहन को करवा देने इसी थाना क्षेत्र के गांव चौरा गया था। उसी दिन सायं करीब चार बजे वह साइकिल से घर वापस लौटा, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इस पर घर वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। गांव सिंगावर निवासी लाला ने बताया कि तलाश के दौरान साला सकटू को राजापुर और सुरजनपुरवा के बीच देखे जाने की जानकारी परिवार वालों को मिली थी। रविवार को सकटू का शव तलाश के दौरान दहौरा नाले में गांव कुन्नू पुरवा के पास उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी पानी में डूबकर मौत होने की पुष्टि की गई है।