स्टेनो का आरोप, शादी के लिए दबाव बना रही है युवती
दीवानी न्यायालय में युवती पर चल रहा है मुकदमा
नगर के मोहल्ला निवासी दलित युवती ने डीएम के स्टेनो कृष्ण मोहन श्रीवास्तव, उसके पुत्र हरीश श्रीवास्तव और भाई उत्तम श्रीवास्तव पर दलित उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण का भी आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस ने यौन उत्पीड़न की धाराएं नहीं लगाई है।
नगर के मोहल्ला निवासी युवती ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि 2008 से हरीश श्रीवास्तव से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाकर यौन शोषण कर रहा है और शादी करने पर बराबर टाल मटोल कर रहा है। अब हरीश चंद्र श्रीवास्तव, उत्तम श्रीवास्तव और कृष्ण मोहन श्रीवास्तव शादी से इनकार कर दिया और जानमाल की धमकी, जातिसूचक गालियां देकर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। युवती ने 19 जनवरी 2017 को एसपी को प्रार्थनापत्र दिया उसपर भी कार्रवाई न होने पर 30 जनवरी 2017 को पुन: एसपी से भेंट कर व्यथा सुनाई और आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज हो गई है। उधर इस बाबत डीएम के स्टेनो कृष्ण मोहन श्रीवास्तव का आरोप है, युवती बेटे से जबरन शादी करने के लिए दबाव बना रही है। वह काफी समय से उन लोगों को परेशान कर रही है, जिसका दीवानी न्यायालय में वाद चल रहा है। न्यायालय छह फरवरी को युवती को कोर्ट में समन के जरिए तलब कर चुका है। इसी पेशबंदी में युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गोला के सीओ अशोक कुमार यादव का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और दूसरे पक्ष के भी बयान दर्ज किए गए हैं। विवेचना की जा रही है।