कुख्यात बदमाश डालू के मारे जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन कस्बे के बजाज एजेंसी के प्रोपाइटर के पास फोन करके डालू के साथी बग्गा ने रंगदारी मांगी है। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।
गांव भजनपुरवा निवासी रामकिशोर मौर्य का कस्बे के पलिया रोड पर बजाज का शोरूम, झंडी रोड पर लोहे की दुकान है। गुरुवार की सुबह रामकिशोर मौर्य अपने वाहन से एब्लान पब्लिक स्कूल में बच्चों को छोड़कर वापस आ रहे थे। इसी बीच सुबह 8.58 बजे उनके मोबाइल पर कॉल आई कि मैं बग्गा बोल रहा हूं। मुझे आपसे रुपये चाहिए। इतना कहने के बाद संबंधित ने फोन काट दिया। रामकिशोर ने इस नंबर को दोबारा लगाने का प्रयास किया तो वह स्विच आफ निकला। एसओ आरके यादव ने बताया कि नंबर की लोकेशन पता की जा रही है। सही जानकारी होने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले झंडी निवासी मुन्ना से बग्गा ने फोन कर रंगदारी मांगी थी।