किशोरी की हत्या कर अपने ही घर के आंगन में शव दफनाने के मामले में मैगलगंज पुलिस आरोपी युवक मदन को हापुड़ से लेकर यहां आ गई है। मंगलवार को पुलिस ने हत्या कर शव गायब करने केे आरोप में युवक का चालान कर दिया। पुलिस का कहना है कि दुराचार की आशंका को देखते हुए स्लाइड जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद ही दुराचार की धारा बढ़ाई जाएगी।
बता दें कि थाना क्षेत्र के एक गांव में लापता किशोरी का शव चौथे दिन पड़ोस के ही युवक मदन के घर के आंगन को खोद कर बरामद किया गया था। शव बरामदगी से एक दिन पहले ही मदन गांव छोड़कर फरार हो गया था। सोमवार को हापुड़ पुलिस ने मदन को मेरठ रोड से उस समय गिरफ्तार किया जब वह दिल्ली भागने के लिए वाहन की तलाश कर रहा था। हापुड़ में उस पर तमंचा रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जमानत दे दी गई। इधर, मैगलगंज एसओ आनंद शाही ने बताया कि मंगलवार को मदन का चालान कर दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की छानबीन शुरू कर दी गई है।