कोतवाली क्षेत्र के कफारा में करंट लगने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जिसके बाद परिवारीजनों ने पड़ोसी पर ही बाड़ के तारों में करंट फैलाने का आरोप लगाया। पिता ने हादसे के बाद कोतवाली में तहरीर दी है।
परिवारीजनों के मुताबिक कफ ारा गांव में आशापूर्ण मंदिर के पास गांव के ही दो लोगों ने खेत के चारों ओर लोहे के काटेदार तार लगाया है। आरोप है कि शनिवार को उन्हीं तारों में बिजली का तार लगा दिया गया। जिससे बाड़ में करंट प्रवाहित हो गया। इसी बीच गांव के मैलू कोरी का 12 वर्षीय पुत्र राहुल खेलता हुआ तारों तक पहुुंच गया। जैसे ही उसने तारों को छुआ, करंट लगने के कारण तारों में चिपककर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के पिता मैलू ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें गांव के ही दो लोगों पर बाड़ में बिजली का करंट प्रवाहित करने का आरोप लगाया गया है। वहीं बिजली विभाग के जेई डीएस चौहान ने बताया कि हादसा विभाग के खंभे की लाइन से नहीं हुआ है। यदि बाड़ में करंट प्रवाहित किया गया है तो यह गैरकानूनी है। इधर कोतवाल विजय प्रताप यादव ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।