चीनी मिल ले जा रहा था गन्ना, बिजली तार में छुआ ट्रक
संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के राघवपुरी सेंटर से गन्ना भरकर ले जा रहे ट्रक चालक की बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना हजारा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के पैडिया निवासी गुरदीप सिंह का 22 वर्षीय पुत्र अंग्रेज सिंह खजुरिया निवासी एक ठेकेदार का ट्रक चलाता था। सोमवार सुबह वह राघवपुरी गन्ना क्रय केन्द्र से किसान सहकारी चीनी मिल के लिए गन्ना भर कर ले जा रहा था। इस दौरान बाजारघाट गांव के पास मोड़ पर विपरीत दिशा से जा रहे एक ट्रैक्टर ट्राली को साइड देने के लिए उसने ट्रक को कच्चे रास्ते पर उतार दिया। ऊपर से गुजरी बिजली लाइन से वाहन छू गया, करंट लगने से अंग्रेज की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों के अनुसार वह स्टेयरिंग पकड़े था तथा नीचे उतरते समय पैर से चप्पल निकलने के बाद उसे करंट का झटका लगा था। उधर सूचना पर पुलिस और परिवार वाले मौके पर आ गए। मृतक मूल रूप से पीलीभीत जनपद के थाना हजारा के ग्राम सिद्धनगर टिब्भा का निवासी था। एक दशक पूर्व शारदा नदी के कटान से उसका घर और खेत कट जाने के कारण खीरी के पैडिया निवासी अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रहा था।