बैंक में जमा करने गया था नोट, शाखा प्रबंधक ने दबोचा
बैंक में 500 के छह और एक हजार के तीन नोट जांच करने पर नकली निकले, जिस पर शाखा प्रबंधक ने आरोपी को पकड़कर नीमगांव पुलिस को सौंप दिया। आरोपी अपने खाते में नोट जमा करने गया था। पुलिस ने शाखा प्रबंधक की ओर से आरोपी थाना मितौली के गांव मूसेपुर निवासी विजय शंकर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ नीमगांव आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया थाना मितौली के गांव मूसेपुर निवासी विजय शंकर 500 के छह और 1000 के तीन नोट जमा करने इंडियन ओवरसीज बैंक की बेहजम शाखा गया था। बकौल एसओ, शाखा प्रबंधक अनुराग सिंह ने पुलिस को बताया कि जांच में सभी नोट नकली पाए गए। इस पर शाखा प्रबंधक ने आरोपी को पकड़कर बैठा लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर नोट कब्जे में ले लिए। उन्होंने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।