भतीजे के साथ साइकिल से जा रही थी महिला
बावन नंबर नलकूप सड़क मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहों के बल पर साइकिल से अपने भतीजे के साथ जा रही महिला को रोक लिया और पिटाई कर दी। इसी बीच दूसरी बाइक आते देख बदमाश एक कुंडल लूटकर मौके से भाग निकले। पीड़िता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव रामपुर इटारा निवासी जगतपाल की पत्नी धनदेवी ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने भतीजे धर्मेंद्र के साथ साइकिल से पड़ोसी जनपद सीतापुर के गांव साहमतनगर पिसावां रिश्तेदारी में जा रही थी। दिन में करीब 11 बजे लिधिआई गांव की तरफ से बाइक सवार दो बदमाशों ने साइकिल रोक ली और उसके जेवर उतरवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई की। बदमाश उसका एक कुंडल ही लूट पाए थे कि इसी बीच पीछे से दूसरी बाइक आते देख बदमाश लूटा गया एक कुंडल लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ भाग निकले। रोती बिलखती महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बता दें कि 14 मई को लिधिआई मार्ग पर बाइक सवार बदमाश आनंद मिश्रा से नकदी, चेन और मोबाइल लूट ले गए थे।